कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के पी रोड मार्केट में रविवार को एक गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
आग एक तीन मंजिला इमारत में स्थित दुकान से शुरू हुई, जिससे ऊपर दूसरी मंजिल पर रह रहा चार सदस्यीय परिवार फंस गया। धुआं फैलते ही परिवार के लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की। आरती पांडेय अपने तीन साल के बेटे अथर्व के साथ नीचे भागीं, जबकि उनके पति अमन पांडेय अपनी बुजुर्ग मां अंजू पांडेय को लेकर किसी तरह बाहर निकले।
अमन पांडेय ने बताया कि नीचे पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आग दुकान के बिजली मीटर के पास से भड़की थी और तेजी से फैल रही थी। आसपास की दुकानों के मालिक और ग्राहक तुरंत बाहर निकल गए, वहीं पास की एक कंबल की दुकान को भी खाली कराया गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। दुकान मालिक नवीन कुकरेजा ने बताया कि आग में उनका सारा माल नष्ट हो गया।